बाबा नागार्जुन को भावबोध और कविता के मिज़ाज के स्तर पर सबसे अधिक निराला और कबीर के साथ जोड़कर देखा गया है. वैसे, यदि जरा और व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखा जाए तो नागार्जुन के काव्य में अब तक की पूरी भारतीय काव्य-परंपरा ही जीवंत रूप में उपस्थित देखी जा सकती है. उनका कवि-व्यक्तित्व कालिदास और विद्यापति जैसे कई कालजयी कवियों के रचना-संसार के गहन अवगाहन, बौद्ध एवं मार्क्सवाद जैसे बहुजनोन्मुख दर्शन के व्यावहारिक अनुगमन तथा सबसे बढ़कर अपने समय और परिवेश की समस्याओं, चिन्ताओं एवं संघर्षों से प्रत्यक्ष जुड़ाव तथा लोकसंस्कृति एवं लोकहृदय की गहरी पहचान से निर्मित है. उनका ‘यात्रीपन’ भारतीय मानस एवं विषय-वस्तु को समग्र और सच्चे रूप में समझने का साधन रहा है. मैथिली, हिन्दी और संस्कृत के अलावा पालि, प्राकृत, बांग्ला, सिंहली, तिब्बती आदि अनेकानेक भाषाओं का ज्ञान भी उनके लिए इसी उद्देश्य में सहायक रहा है. उनका गतिशील, सक्रिय और प्रतिबद्ध सुदीर्घ जीवन उनके काव्य में जीवंत रूप से प्रतिध्वनित-प्रतिबिंबित है. नागार्जुन सही अर्थों में भारतीय मिट्टी से बने आधुनिकतम कवि हैं.बाबा नागार्जुन ने जब लिखना शुरू किया था तब हिन्दी साहित्य में छायावाद उस चरमोत्कर्ष पर था, जहाँ से अचानक तेज ढलान शुरू हो जाती है, और जब उन्होंने लिखना बंद किया तब काव्य जगत में सभी प्रकार के वादों के अंत का दौर चल रहा था. बाबा अपने जीवन और सर्जन के लंबे कालखंड में चले सभी राजनीतिक एवं साहित्यिक वादों के साक्षी रहे, कुछ से संबद्ध भी हुए, पर आबद्ध वह किसी से नहीं रहे. उनके राजनीतिक ‘विचलनों’ की खूब चर्चा भी हुई. पर कहने की जरूरत नहीं कि उनके ये तथाकथित ‘विचलन’ न सिर्फ जायज थे बल्कि जरूरी भी थे. वह जनता की व्यापक राजनीतिक आकांक्षा से जुड़े कवि थे, न कि मात्र राजनीतिक पार्टियों के संकीर्ण दायरे में आबद्ध सुविधाजीवी कामरेड. कोई राजनीतिक पार्टी जब जनता की राजनीतिक आकांक्षा की पूर्ति के मार्ग से विचलित हो जाए तो उस राजनीतिक पार्टी से ‘विचलित’ हो जाना विवेक का सूचक है, न कि ‘विपथन’ का. प्रो. मैनेजर पांडेय ने सही टिप्पणी की है किएक जनकवि के रूप में नागार्जुन खुद को जनता के प्रति जवाबदेह समझते हैं, किसी राजनीतिक दल के प्रति नहीं. इसलिए जब वे साफ ढंग से सच कहते हैं तो कई बार वामपंथी दलों के राजनीतिक और साहित्यिक नेताओं को भी नाराज करते हैं. जो लोग राजनीति और साहित्य में सुविधा के सहारे जीते हैं वे दुविधा की भाषा बोलते हैं. नागार्जुन की दृष्टि में कोई दुविधा नहीं है…..यही कारण है कि खतरनाक सच साफ बोलने का वे खतरा उठाते हैं.अपनी एक कविता “प्रतिबद्ध हूँ” में उन्होंने दो टूक लहजे में अपनी दृष्टि को स्पष्ट किया है-प्रतिबद्ध हूँ, जी हाँ, प्रतिबद्ध हूँ-
बहुजन समाज की अनुपल प्रगति के निमित्त-
संकुचित ‘स्व’ की आपाधापी के निषेधार्थ
अविवेकी भीड़ की ‘भेड़िया-धसान’ के खिलाफ
अंध-बधिर ‘व्यक्तियों’ को सही राह बतलाने के लिए
अपने आप को भी ‘व्यामोह’ से बारंबार उबारने की खातिर
प्रतिबद्ध हूँ, जी हाँ, शतधा प्रतिबद्ध हूँ!नागार्जुन का संपूर्ण काव्य-संसार इस बात का प्रमाण है कि उनकी यह प्रतिबद्धता हमेशा स्थिर और अक्षुण्ण रही, भले ही उन्हें विचलन के आरोपों से लगातार नवाजा जाता रहा. उनके समय में छायावाद, प्रगतिवाद, हालावाद, प्रयोगवाद, नयी कविता, अकविता, जनवादी कविता और नवगीत आदि जैसे कई काव्य-आंदोलन चले और उनमें से ज्यादातर कुछ काल तक सरगर्मी दिखाने के बाद चलते बने. पर बाबा की कविता इनमें से किसी ‘चौखटे’ में अँट कर नहीं रही, बल्कि हर ‘चौखटे’ को तोड़कर आगे का रास्ता दिखाती रही. उनके काव्य के केन्द्र में कोई ‘वाद’ नहीं रहा, बजाय इसके वह हमेशा अपने काव्य-सरोकार ‘जन’ से ग्रहण करते रहे. उन्होंने किसी बँधी-बँधायी लीक का निर्वाह नहीं किया, बल्कि अपने काव्य के लिए स्वयं की लीक का निर्माण किया. इसीलिए बदलते हुए भावबोध के बदलते धरातल के साथ नागार्जुन को विगत सात दशकों की अपनी काव्य-यात्रा के दौरान अपनी कविता का बुनियादी भाव-धरातल बदलने की जरूरत महसूस नहीं हुई. “पछाड़ दिया मेरे आस्तिक ने” जैसी कविता में ‘बाबा का काव्यात्मक डेविएशन’ भी सामान्य जनोचित है और असल में, वही उस कविता के विशिष्ट सौंदर्य का आधार भी है. उनकी वर्ष 1939 में प्रकाशित आरंभिक दिनों की एक कविता ‘उनको प्रणाम’ में जो भाव-बोध है, वह वर्ष 1998 में प्रकाशित उनके अंतिम दिनों की कविता ‘अपने खेत में’ के भाव-बोध से बुनियादी तौर पर समान है. आज इन दोनों कविताओं को एक साथ पढ़ने पर, यदि उनके प्रकाशन का वर्ष मालूम न हो तो यह पहचानना मुश्किल होगा कि उनके रचनाकाल के बीच तकरीबन साठ वर्षों का फासला है. जरा इन दोनों कविताओं की एक-एक बानगी देखें-जो नहीं हो सके पूर्ण-काम
मैं उनको करता हूँ प्रणाम
जिनकी सेवाएँ अतुलनीय
पर विज्ञापन से रहे दूर
प्रतिकूल परिस्थिति ने जिनके
कर दिए मनोरथ चूर-चूर!
– उनको प्रणाम!और ‘अपने खेत में’ कविता का यह अंश देखें-अपने खेत में हल चला रहा हूँ
इन दिनों बुआई चल रही है
इर्द-गिर्द की घटनाएँ ही
मेरे लिए बीज जुटाती हैं
हाँ, बीज में घुन लगा हो तो
अंकुर कैसे निकलेंगे!
जाहिर है
बाजारू बीजों की
निर्मम छँटाई करूँगा
खाद और उर्वरक और
सिंचाई के साधनों में भी
पहले से जियादा ही
चौकसी बरतनी है
मकबूल फिदा हुसैन की
चौंकाऊ या बाजारू टेकनीक
हमारी खेती को चौपट
कर देगी!
जी, आप
अपने रूमाल में
गाँठ बाँध लो, बिल्कुल!!बाबा की कविताएँ अपने समय के समग्र परिदृश्य की जीवंत एवं प्रामाणिक दस्तावेज हैं. उदय प्रकाश ने सही संकेत किया है कि बाबा नागार्जुन की कविताएँ प्रख्यात इतिहास चिंतक डी.डी. कोसांबी की इस प्रस्थापना का कि ‘इतिहास लेखन के लिए काव्यात्मक प्रमाणों को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए’ अपवाद सिद्ध होती हैं. वह कहते हैं कि ‘हम उनकी रचनाओं के प्रमाणों से अपने देश और समाज के पिछले कई दशकों के इतिहास का पुनर्लेखन कर सकते हैं.’ कहने की जरूरत नहीं कि इस तरह का दावा बीसवीं सदी के किसी भी दूसरे हिन्दी कवि के संबंध में नहीं किया जा सकता, स्वयं निराला के संबंध में भी निश्चिंत होकर नहीं. बाबा को अपनी बात कहने के लिए कभी आड़ की जरूरत नहीं पड़ी और उन्होंने जो कुछ कहा है उसका संदर्भ सीधे-सीधे वर्तमान से लिया है. उनकी कविता कोई बात घुमाकर नहीं कहती, बल्कि सीधे-सहज ढंग से कह जाती है. उनके अलावा, आधुनिक हिन्दी साहित्य में इस तरह की विशेषता केवल गद्य-विधा के दो शीर्षस्थ लेखकों, आजादी से पूर्व के दौर में प्रेमचन्द और आजादी के बाद के दौर में हरिशंकर परसाई, में रेखांकित की जा सकती है. बाबा की कविताओं में यह खासियत इसीलिए भी आई है कि उनका काव्य-संघर्ष उनके जीवन-संघर्ष से तदाकार है और दोनों के बीच किसी ‘अबूझ-सी पहेली’ का पर्दा नहीं लटका है मुक्तिबोध की कविताओं के विचार-धरातल की तरह. उनका संघर्ष अंतर्द्वंद्व, कसमसाहट और अनिश्चितता भरा संघर्ष नहीं है, बल्कि खुले मैदान का, निर्द्वन्द्व, आर-पार का खुला संघर्ष है और इस संघर्ष के समूचे घटनाक्रम को बाबा मानो अपनी डायरी की तरह अपनी कविताओं में दर्ज करते गए हैं.बाबा ने अपनी कविताओं का भाव-धरातल सदा सहज और प्रत्यक्ष यथार्थ रखा, वह यथार्थ जिससे समाज का आम आदमी रोज जूझता है. यह भाव-धरातल एक ऐसा धरातल है जो नाना प्रकार के काव्य-आंदोलनों से उपजते भाव-बोधों के अस्थिर धरातल की तुलना में स्थायी और अधिक महत्वपूर्ण है. हालाँकि उनकी कविताओं की ‘तात्कालिकता’ के कारण उसे अखबारी कविता कहकर खारिज करने की कोशिशें भी हुई हैं, लेकिन असल में, यदि एजरा पाउंड के शब्दों में कहें तो नागार्जुन की कविता ऐसी ख़बर (news) है जो हमेशा ताज़ा (new) ही रहती है. वह अखबारी ख़बर की तरह कभी बासी नहीं होती. उनकी कविता के इस ‘टटकेपन’ का कारण बकौल नामवर सिंह ‘व्यंग्य की विदग्धता’ है. नामवर सिंह कहते हैं-व्यंग्य की इस विदग्धता ने ही नागार्जुन की अनेक तात्कालिक कविताओं को कालजयी बना दिया है, जिसके कारण वे कभी बासी नहीं हुईं और अब भी तात्कालिक बनी हुई हैं…..इसलिए यह निर्विवाद है कि कबीर के बाद हिन्दी कविता में नागार्जुन से बड़ा व्यंग्यकार अभी तक कोई नहीं हुआ. नागार्जुन के काव्य में व्यक्तियों के इतने व्यंग्यचित्र हैं कि उनका एक विशाल अलबम तैयार किया जा सकता है.दरअसल, नागार्जुन की कविताओं को अख़बारी कविता कहने वाले शायद यह समझ ही नहीं पाते कि उनकी तात्कालिकता में ही उनके कालजयी होने का राज छिपा हुआ है और वह राज यह है कि तात्कालिकता को ही उन कविताओं में रचनात्मकता का सबसे बड़ा हथियार बनाया गया है. उनकी कई प्रसिद्ध कविताएँ जैसे कि ‘इंदुजी,इंदुजी क्या हुआ आपको‘, ‘आओ रानी, हम ढोएंगेपालकी‘, ‘अब तो बंद करो हे देवी यह चुनाव काप्रहसन‘ और ‘तीन दिन, तीन रात‘ आदि इसका बेहतरीन प्रमाण हैं. असल में, बात यह है कि नागार्जुन की कविता, जैसा कि कई अन्य महान रचनाकारों की रचनाओं के संबंध में भी कहा गया है, आम पाठकों के लिए सहज है, मगर विद्वान आलोचकों के लिए उलझन में डालने वाली हैं. ये कविताएँ जिनको संबोधित हैं उनको तो झट से समझ में आ जाती हैं, पर कविता के स्वनिर्मित प्रतिमानों से लैस पूर्वग्रही आलोचकों को वह कविता ही नहीं लगती. ऐसे आलोचक उनकी कविताओं को अपनी सुविधा के लिए तात्कालिक राजनीति संबंधी, प्रकृति संबंधी और सौंदर्य-बोध संबंधी आदि जैसे कई खाँचों में बाँट देते हैं और उनमें से कुछ को स्वीकार करके बाकी को खारिज कर देना चाहते हैं. वे उनकी सभी प्रकार की कविताओं की एक सर्वसामान्य भावभूमि की तलाश ही नहीं कर पाते, क्योंकि उनकी आँखों पर स्वनिर्मित प्रतिमानों से बने पूर्वग्रह की पट्टी बँधी होती है.बाबा के लिए कवि-कर्म कोई आभिजात्य शौक नहीं, बल्कि ‘खेत में हल चलाने’ जैसा है. वह कविता को रोटी की तरह जीवन के लिए अनिवार्य मानते हैं. उनके लिए सर्जन और अर्जन में भेद नहीं है. इसलिए उनकी कविता राजनीति, प्रकृति और संस्कृति, तीनों को समान भाव से अपना उपजीव्य बनाती है. उनकी प्रेम और प्रकृति संबंधी कविताएँ उसी तरह भारतीय जनचेतना से जुड़ती हैं जिस तरह से उनकी राजनीतिक कविताएँ. बाबा नागार्जुन, कई अर्थों में, एक साथ सरल और बीहड़, दोनों तरह के कवि हैं. यह विलक्षणता भी कुछ हद तक निराला के अलावा बीसवीं सदी के शायद ही किसी अन्य हिन्दी कवि में मिलेगी! उनकी बीहड़ कवि-दृष्टि रोजमर्रा के ही उन दृश्यों-प्रसंगों के जरिए वहाँ तक स्वाभाविक रूप से पहुँच जाती है, जहाँ दूसरे कवियों की कल्पना-दृष्टि पहुँचने से पहले ही उलझ कर रह जाए! उनकी एक कविता ‘पैने दाँतोंवाली’ की ये पंक्तियाँ देखिए-धूप में पसरकर लेटी है
मोटी-तगड़ी, अधेड़, मादा सुअर…
जमना-किनारे
मखमली दूबों पर
पूस की गुनगुनी धूप में
पसरकर लेटी है
वह भी तो मादरे हिंद की बेटी है
भरे-पूरे बारह थनोंवाली!यों, बीहड़ता कई दूसरे कवियों में भी है, पर इतनी स्वाभाविक कहीं नहीं है. यह नागार्जुन के कवि-मानस में ही संभव है जहाँ सरलता और बीहड़ता, दोनों एक-दूसरे के इतने साथ-साथ उपस्थित हैं. इसी के साथ उनकी एक और विशेषता भी उल्लेखनीय है, जिसे डॉ. रामविलास शर्मा ने सही शब्दों में रेखांकित करते हुए कहा है-नागार्जुन ने लोकप्रियता और कलात्मक सौंदर्य के संतुलन और सामंजस्य की समस्या को जितनी सफलता से हल किया है, उतनी सफलता से बहुत कम कवि-हिन्दी से भिन्न भाषाओं में भी-हल कर पाए हैं.बाबा की कविताओं की लोकप्रियता का तो कहना ही क्या! बाबा उन विरले कवियों में से हैं जो एक साथ कवि-सम्मेलन के मंचों पर भी तालियाँ बटोरते रहे और गंभीर आलोचकों से भी समादृत होते रहे. बाबा के इस जादुई कमाल के बारे में खुद उन्हीं की जुबानी यह दिलचस्प उद्धरण सुनिए-कवि-सम्मेलनों में बहुत जमते हैं हम. समझ गए ना? बहुत विकट काम है कवि-सम्मेलन में कविता सुनाना. बड़े-बड़ों को, तुम्हारा, क्या कहते हैं, हूट कर दिया जाता है. हम कभी हूट नहीं हुए. हर तरह का माल रहता है, हमारे पास. यह नहीं जमेगा, वह जमेगा. काका-मामा सबकी छुट्टी कर देते हैं हम….. समझ गए ना?उनकी एक अत्यंत प्रसिद्ध कविता ‘अकाल और उसके बाद’ लोकप्रियता और कलात्मक सौंदर्य के मणिकांचन संयोग का एक उल्लेखनीय उदाहरण है.कई दिनों तक चूल्हा रोया, चक्की रही उदास
कई दिनों तक कानी कुतिया सोई उनके पास
कई दिनों तक लगी भीत पर छिपकलियों की गश्त
कई दिनों तक चूहों की भी हालत रही शिकस्त.
दाने आए घर के अंदर कई दिनों के बाद
धुआँ उठा आँगन के ऊपर कई दिनों के बाद
चमक उठी घर भर की आँखें कई दिनों के बाद
कौए ने खुजलाई पाँखें कई दिनों के बाद.इस तरह की बाबा की दर्जनों खूबसूरत कविताएँ हैं जो इस दृष्टि से उनके समकालीन तमाम कवियों की कविताओं से विशिष्ट कही जा सकती हैं. कलात्मक सौंदर्य की कविताएँ शमशेर ने भी खूब लिखी हैं, पर वे लोकप्रिय नहीं हैं. लोकप्रिय कविताएँ धूमिल की भी हैं पर उनमें कलात्मक सौंदर्य का वह स्तर नहीं है जो नागार्जुन की कविताओं में है. बाबा की कविताओं में आखिर यह विलक्षण विशेषता आती कहाँ से है? दरअसल, बाबा की प्राय: सभी कविताएँ संवाद की कविताएँ हैं और यह संवाद भी एकहरा और सपाट नहीं है. वह हजार-हजार तरह से संवाद करते हैं अपनी कविताओं में. आज कविता के संदर्भ में संप्रेषण की जिस समस्या पर इतनी चिंता जताई जा रही है, वैसी कोई समस्या बाबा की कविताओं को व्यापती ही नहीं. सुप्रसिद्ध समकालीन कवि केदारनाथ सिंह स्पष्ट रूप से स्वीकार करते हैं:
स्वाधीनता के बाद के कवियों में यह विशेषता केवल नागार्जुन के यहाँ दिखाई पड़ती है….यह बात दूसरे प्रगतिशील कवियों के संदर्भ में नहीं कही जा सकती.बाबा की कविताओं की इसी विशेषता के एक अन्य कारण की चर्चा करते हुए केदारनाथ सिंह कहते हैं कि बाबा अपनी कविताओं में ‘बहुत से लोकप्रिय काव्य-रूपों को अपनाते हैं और उन्हें सीधे जनता के बीच से ले आते हैं.’ उनकी ‘मंत्र कविता’ देहातों में झाड़-फूँक करके उपचार करने वाले ओझा की शैली में है.ओं भैरो, भैरो, भैरो, ओं बजरंगबली
ओं बंदूक का टोटा, पिस्तौल की नली
ओं डालर, ओं रूबल, ओं पाउंड
ओं साउंड, ओं साउंड, ओं साउंडओम् ओम् ओम्
ओम् धरती, धरती, धरती, व्योम् व्योम व्योम्
ओं अष्टधातुओं की ईंटों के भट्ठे
ओं महामहिम, महामहो, उल्लू के पट्ठे
ओं दुर्गा दुर्गा दुर्गा तारा तारा तारा
ओं इसी पेट के अंदर समा जाए सर्वहारा
हरि: ओं तत्सत् हरि: ओं तत्सत्भाषा पर बाबा का गज़ब अधिकार है। देसी बोली के ठेठ शब्दों से लेकर संस्कृतनिष्ठ शास्त्रीय पदावली तक उनकी भाषा के अनेकों स्तर हैं। उन्होंने तो हिन्दी के अलावा मैथिली, बांग्ला और संस्कृत में अलग से बहुत लिखा है। जैसा पहले भाव-बोध के संदर्भ में कहा गया, वैसे ही भाषा की दृष्टि से भी यह कहा जा सकता है कि बाबा की कविताओं में कबीर से लेकर धूमिल तक की पूरी हिन्दी काव्य-परंपरा एक साथ जीवंत है। बाबा ने छंद से भी परहेज नहीं किया, बल्कि उसका अपनी कविताओं में क्रांतिकारी ढंग से इस्तेमाल करके दिखा दिया। बाबा की कविताओं की लोकप्रियता का एक आधार उनके द्वारा किया गया छंदों का सधा हुआ चमत्कारिक प्रयोग भी है। उनकी मशहूर कविता “आओ रानी, हम ढोएँगे पालकी” की ये पंक्तियाँ देखिए:यह तो नई–नई दिल्ली है, दिल में इसे उतार लो
एक बात कह दूँ मलका, थोड़ी–सी लाज उधार लो
बापू को मत छेड़ो, अपने पुरखों से उपहार लो
जय ब्रिटेन की जय हो इस कलिकाल की!
आओ रानी, हम ढोएँगे पालकी!
रफ़ू करेंगे फटे–पुराने जाल की!
यही हुई है राय जवाहरलाल की!
आओ रानी, हम ढोएँगे पालकी!नागार्जुन की भाषा और उनके छंद मौके के अनुरूप बड़े कलात्मक ढंग से बदल जाया करते हैं। यदि हम अज्ञेय, शमशेर या मुक्तिबोध की कविताओं को देखें तो उनमें भाषा इस कदर बदलती नहीं है। ये कवि अपने प्रयोग प्रतीकों और बिम्बों के स्तर पर करते हैं, भाषा की जमीन के स्तर पर नहीं। उनके समकालीन कवि त्रिलोचन शास्त्री ने मुक्तिबोध और नागार्जुन की कविताओं की तुलना करते हुए एक बार कहा था-मुक्तिबोध की कविताओं का अनुवाद अंग्रेजी या यूरोपकी दूसरी भाषाओं में करना ज्यादा आसान है, क्योंकिउसकी भाषा भले भारतीय है, पर उसमें मानसिकताका प्रभाव पश्चिम से आता है; लेकिन नागार्जुन कीकविताओं का यूरोपीय भाषाओं में अनुवाद बहुतकठिन होगा। यदि ऐसी कोशिश भी हो तो तीन–चारपंक्तियों के अनुवाद के बाद ‘फुटनोट‘ से पूरा पन्नाभरना पड़ेगा।यही असल में बाबा की कविताओं के ठेठ भारतीय और मौलिक धरातल की पहचान है, जो उन्हें अपने समकालीन दौर के कई प्रमुख कवियों-जैसे अज्ञेय, शमशेर और मुक्तिबोध से अलग भाव-भूमि पर प्रतिष्ठित करता है। इसी से जुड़ी एक बात और। ये कवि मुख्य रूप से साहित्य के आंदोलनों से, वह भी पश्चिम-प्रेरित आंदोलनों से प्रभावित होकर कविता करते रहे, जबकि नागार्जुन भारतीय जनता के आंदोलनों से प्रेरित और प्रभावित होकर, या यों कहें कि उनमें शामिल होकर कविता करते रहे हैं। बाबा भले ही वामपंथी विचारधारा से जुड़े थे, परंतु उनकी यह विचारधारा भी नितांत रूप से भारतीय जनाकांक्षा से जुड़ी हुई थी। यही कारण है कि वर्ष 1962 और 1975 में जब अधिकांश भारतीय ‘कम्यूनिस्ट’ रहस्यमय चुप्पी साधकर बैठे रहे थे, तब बाबा ने उग्र जनप्रतिक्रिया को अपनी कविताओं के माध्यम से स्वर दिया था। इन्हीं मौकों पर बाबा ने ‘‘पुत्र हूँ भारत माता का”, ‘‘और कुछ नहीं, हिन्दुस्तानी हूँ महज”, ‘’क्रांति तुम्हारी तुम्हें मुबारक”, ‘’कम्युनिज्म के पंडे”, “कट्टर कामरेड उवाच” तथा “इन्दुजी, इन्दुजी क्या हुआ आपको” जैसी कविताएँ लिखी थीं।बाबा की कविताओं की भाव-भूमि प्रयोगवादी और नई कविता की भाव-भूमि से काफी भिन्न है, क्योंकि इन प्रवृत्तियों की ज्यादातर कविताएँ समाज-निरपेक्ष और आत्मपरक हैं, जबकि बाबा की कविताएँ समाज-सापेक्ष और जनोन्मुख हैं। उनके समकालीन कवियों की रचनाओं के संदर्भ में देखने पर यह बात ज्यादा साफ तौर पर समझ में आती है कि बाबा की कविता का बदलते भाव-बोध के बदलते धरातल के साथ किस तरह का रिश्ता रहा है, अर्थात् यह उन सबसे किस हद तक जुड़ती है और किस हद तक अलग होती है।अज्ञेय और शमशेर जैसे कवियों की रचनाएँ कलावादी (art for art’s sake) भाव-भूमि पर प्रतिष्ठित हैं, जबकि नागार्जुन की कविताएँ जीवनवादी (art for life’s sake) भाव-भूमि पर। यह अंतर इन दोनों तरह की कविताओं के कथ्य, शिल्प और भाषा-तीनों स्तर पर देखा जा सकता है। निराला की उत्तरवर्ती दौर वाली कुछ कविताएँ, जैसे ‘कुकुरमुत्ता’ और ‘तोड़ती पत्थर’ भी जनवादी भाव-भूमि के करीब हैं। दोनों का मूल स्वर प्रगतिशील चेतना से सरोकार रखता है। निराला जहाँ खत्म करते हैं, बाबा वहाँ से शुरू करते हैं।रघुवीर सहाय और श्रीकांत वर्मा की कविताओं की भाव-भूमि बुनियादी रूप से बाबा की कविताओं से भिन्न है और यह भिन्नता मूलत: प्रतिबद्धता एवं सरोकार से संबंधित है। फिर भी, इन तीनों कवियों की काव्य-चेतना के बीच एक अंतर्संबंध भी है, जिसे रेखांकित करते हुए इब्बार रब्बी कहते हैं-वह समाज जो आदमी का शोषण कर रहा है, उसकीमानसिकता को उजागर करते हैं अप्रत्यक्ष रूप सेश्रीकांत वर्मा; उसके स्रोतों की पोल खोलते हैं रघुवीरसहाय; और उससे लड़ना सिखाते हैं नागार्जुन।इस अंतर और अंतर्संबंध को इससे भी बेहतर ढंग से समझने के लिए इन तीनों कवियों का वर्ष 1975 के ‘आपातकाल’ के प्रति नजरिया देखना महत्वपूर्ण होगा। श्रीकांत वर्मा आपातकाल के पक्ष में खड़े थे; रघुवीर सहाय ‘हँसो, हँसो जल्दी हँसो’ जैसी कविताओं के माध्यम से सांकेतिक प्रतिवाद कर रहे थे; जबकि बाबा नागार्जुन न सिर्फ तीखे तेवर वाली कविताएँ लिखकर, बल्कि स्वयं आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लेकर और जेल की सज़ा भुगतकर आपातकाल का विरोध कर रहे थे। इसी तरह यदि हम मुक्तिबोध की कविता से बाबा की कविताओं की तुलना करें तो पाते हैं कि मुक्तिबोध की कविता गहन विचारशीलता और स्वातंत्र्योत्तर भारत के मध्यवर्गीय चरित्र में निहित सुविधाजीविता और आदर्शवादिता के बीच के अंतर्द्वन्द्व की कविता है, जिसमें आम आदमी का संघर्ष आत्मसंघर्ष के रूप में है। मुक्तिबोध अपने समय के संघर्षों से सैद्धांतिक स्तर पर जुड़ते हैं, दार्शनिक अंदाज में। जबकि नागार्जुन की कविता ‘अनुभवजन्य भावावेग से प्रेरित’ है और आत्म-संघर्ष की बजाय खुले संघर्ष के स्वर में है। वह अपने समय के संघर्षों से व्यावहारिक धरातल पर जुड़ते हैं, एक सक्रिय योद्धा की तरह।बाबा की कविताएँ सौंदर्य के भाव-बोध और भाषा-शैली आदि के स्तर पर सबसे अधिक केदारनाथ अग्रवाल और त्रिलोचन शास्त्री की कविताओं की भाव-भूमि के करीब हैं। इन तीनों कवियों के बुनियादी संस्कार और सरोकार काफी हद तक एक जैसे हैं और इसी वजह से तीनों एक धारा के कवि माने जाते हैं। फिर भी, बाबा की कविताएँ बाबा की कविताएँ हैं और वे केदार एवं त्रिलोचन की कविताओं की तुलना में अपनी अलग छाप छोड़ती हैं।मुझे उनकी एक कविता ‘बादल को घिरते देखा है’ स्कूल के दिनों से याद है। कुछ पंक्तियाँ सुनिए:अमल धवल गिरि के शिखरों पर,
बादल को घिरते देखा है।
छोटे–छोटे मोती जैसे
उसके शीतल तुहीन कणों को,
मानसरोवर के उन स्वर्णिम
कमलों पर गिरते देखा है,
बादलों को घिरते देखा है।
तुंग हिमालय के कंधों पर
छोटी बड़ी कई झीलें हैं,
उनके श्यामल नील सलिल में
समतल देशों से आ–आकर
पावस की ऊमस से आकुल
तिक्त–मधुर बिसतंतु खोजते
हंसों को तिरते देखा है।
बादल को घिरते देखा है।उनका मैथिली गीत, “श्यामघटा, सित बीजुरि-रेह” भी मुझे अति प्रिय है:श्याम घटा, सित बीजुरि–रेह
अमृत टघार राहु अवलेह
फाँक इजोतक तिमिरक थार
निबिड़ विपिन अति पातर धार
दारिद उर लछमी जनु हार
लोहक चादरि चानिक तार
देखल रहि रहि तड़ित–विलास
जुगुलकिशोरक उन्मद रास
Saturday, November 4, 2017
बाबा नागार्जुन
सबसे लोकप्रिय प्रगतिशील कवि'
नागार्जुन को बाबा के नाम से जाना जाता है. आप बाबा कह दीजिए तो लोग समझ जाएँगे कि बात नागार्जुन की हो रही है. हिंदी में उनके आलावा सिर्फ़ एक ही कवि को बाबा कहा जाता है और वो हैं तुलसीदास.
हिंदी के प्रगतिशील कवियों में जितने लोकप्रिय नागार्जुन हैं उतना और कोई नहीं है यह बात बिना हिचक कहनी चाहिए.
अब तो नई कविता गद्य हो गई है लेकिन नागार्जुन ऐसे कवि हैं जो छंद को नहीं छोड़ते. आधुनिक कवियों में छंद को न छोड़ने वाले कवियों में रघुवीर सहाय भी हैं और उनकी लिखी बहुत सी कविताएँ नागार्जुन की कविता प्रतीत होती है, 'राष्ट्रगीत में भला ये कौन भाग्य विधाता है, फटा सुथन्ना पहने जिसका गुण हर हरणा गाता है.'
नागार्जुन का ये जादू है कि वे पारंपरिक छंदों का प्रयोग करते हुए भी ऐसा कुछ लिखते हैं कि कोई ये न कह सके कि ये आधुनिक कविता नहीं है. अब दोहे को लीजिए. पता नहीं वह हिंदी का कितना पुराना छंद है. कालिदास तक ने दोहे लिखे हैं. उनका लिखा एक दोहा बार-बार याद आता है,
'खड़ी हो गई चाँपकर कंकालों की हूक नभ में विपुल विराट सी शासन की बंदूक जली ठूँठ पर बैठकर गई कोकिला कूक बाल न बाँका कर सकी शासन की बंदूक'
क्या भयानक बिंब है इस कविता में. शासन के आतंक के लिए ऐसा बिंब मैंने कहीं और नहीं पढ़ा. ये कमाल देखिए कवि का कि वह दोहे में ऐसे बिंब खड़े कर सकता है. संगीनों के जंगल पर मुक्तिबोध ने भी लिखा है. मुक्तिबोध बड़े कवि हैं और मुझे बेहद प्रिय भी हैं लेकिन बंदूक का 'नभ में विपुल विराट' होने का बिंब वहाँ नहीं है.
लोक का बिंब
नागार्जुन विद्वान कवि हैं. वे संस्कृति और परंपरा के विद्वान हैं. संस्कृत, पाली, प्राकृत और अपभ्रंश सब को वे जानते हैं. वे अपने इस ज्ञान से परंपरा का रचनात्मक दोहन करना नागार्जुन के अलावा किसी को नहीं आता.
ऐसा नहीं है कि हमारे नए कवि अच्छे नहीं है. बहुत से अच्छे कवि हैं. उनमें से कुछ मुझे प्रिय भी हैं. अगर मुझे एक दो का नाम लेना हो तो मैं रघुवीर सहाय और विष्णु खरे का नाम लूँगा.
लेकिन जब नए कवियों को कोई नई बात कहनी होती है तो वे पश्चिम की ओर देखते हैं या यथार्थ को अपने आसपास देख लेते हैं लेकिन नागार्जुन अपना बिंब लोक जीवन से लेते हैं. फिर वे नए फ़ॉर्म में भी कविता रच देते हैं.
नागार्जुन पंडितों के सख़्त ख़िलाफ़ थे लेकिन वे उनके पढ़े जाने वाले मंत्र जैसी कविता रचते हैं, 'ऊँ काली काली काली महाकाली महाकाली, ऊँ मार मार मार वार न जाए खाली....'
रूप और शिल्प की बातें बहुत से लोग करते हैं. मैं उस पर बहस नहीं करना चाहता. लेकिन नागार्जुन की कविता रूप और शिल्प के स्तर पर भी चकित करती हैं. उनकी एक कविता है, 'अकाल के बाद'
कई दिनों तक चूल्हा रोया चक्की रही उदास कई दिनों तक कानी कुतिया सोई उनके पास कई दिनों तक लगी भीत पर छिपकलियों की गश्त कई दिनों तक चूहों की भी हालत रही शिकस्त
दाने आए घर के अंदर कई दिनों के बाद धुँआ उठा आंगन के ऊपर कई दिनों के बाद चमक उठी घर भर की आँखें कई दिनों के बाद कौए ने खुजलाई पाँखें कई दिनों के बाद.
ये नई जनवादी और प्रगतिशील कविता है.
मैं कहता हूँ कि यह जनवादी-प्रगतिशील कविता का 'क्लासिक' है. पता नहीं कब ये लोगों को समझ में आएगा कि जनवाद और प्रगतिशीलता सिर्फ़ संवेदनाएँ नहीं है.
वो शिल्प भी है और फ़ॉर्म भी है. जिसने किसी भूखे आदमी को अन्न पाना देखा है. जिसने आँखों की चमक देखी है. वह समझ सकता है. ग़रीबी के छोटे सुख होते हैं. यही छोटा सुख उसका बड़ा सुख होता है. इससे उसकी आँखों में चमक आती है. जो इस छोटे सुख को पहचानता है वही बड़ा कवि है.
नागार्जुन ग़रीब के छोटे सुख और उसकी आँखों की चमक को पहचानते थे इसलिए वे एक बड़े कवि थे.
जनता के दुख-दर्द को आम ज़बान में बयान करने वाले कवि थे नागार्जुन
आधुनिक काल में छायावाद के बाद अत्यंत सशक्त साहित्यांदोलन प्रगतिवाद है। प्रगतिवाद का मूल आधार सामाजिक यथार्थवाद रहा है। प्रगतिवाद काव्य वह है, जो अतीत की संपूर्ण व्यवस्थाओं के प्रति रोष व्यक्त करता है और उसके बदलाव की आवाज़ को बुलंद करता है। नागार्जुन के काव्य में प्रगति के स्वर सर्वप्रमुख है। सही अर्थों मे नागार्जुन जनता के कवि हैं। वे एक मार्क्सवादी कवि हैं। अपनी कविता के माध्यम से उन्होंने मार्क्सवादी सिद्धांतों का प्रचार भी किया है। उनकी कविता में अमीर-गरीब, मालिक-मजदूर, ज़मींदार-कृषक, उच्चवर्ग-निम्न वर्ग के बीच द्वंद दिखाई देता है। गरीबी, भुखमरी, बीमारी, अकाल, बाढ़ जैसे सामाजिक यथार्थ का सूक्ष्म चित्रण कवि ने किया है।
प्रगतिशील हिंदी कविता में सबसे अधिक संवेदनशील और लोकोन्मुख जनकवि नागार्जुन की विशिष्टता इसी बात में रही है कि उनकी रचनाओं और उनके वास्तविक जीवन में गहरा सामंजस्य है। उनकी कविताएँ सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक आदि पक्षों में एक बड़ा चिन्ह हमारे समक्ष प्रस्तुत करती हैं। कवि नागार्जुन ने अपने युगीन यथार्थ और समसामयिक चेतना को अपनी कविता से मुखरित किया है, जिसमें एक ओर तो गरीब किसान, मजदूर शोषण के अनवरत चक्र में पिसते हुए दाने-दाने को मोहताज हैं तो दूसरी ओर नकाबधारी जो भोग-विलास में लुप्त हैं –
“जमींदार हैं, साहूकार हैं, बनिया हैं,व्यापारी हैं।
अन्दर–अन्दर विकट कसाई, बाहर खद्दरधारी हैं।”
बाबा नागार्जुन गरीबी, बदहाली और शोषण के लिए ज़िम्मेदार सामंती व्यवस्था के आडम्बरपूर्ण जीवन, वैभव प्रदर्शन और शोषण को अपनी कविता ‘विजयी के वंशधर’ में इस तरह प्रस्तुत किया है –
“गुलाबी धोती / सीप की बटनोंवाला रेशमी कुर्ता
मलमल की दुपलिया फूलदार टोपी / नेवले की मुँह सी मूठ की नफीस
छड़ी
बड़ा और छोटा सरकार / लालासहेब , हीराजी / मालिक जी ,
मोती साहेब, बच्चन जी / नून की बचोल बाचू/
हवेली से निकले बनकर सँवरकर।”
महाकवि नागार्जुन का महान जीवन दर्शन है – विश्वमानववाद, वसुधैव कुटुम्बकम, एक विशाल, व्यापक विश्व दृष्टी। नागार्जुन का संपूर्ण कृतित्व प्रगतिशील चेतना का वाहक है। उनके साहित्य में मध्यमवर्गीय जीवन तथा मजदूर वर्ग की ज़िन्दगी का संपूर्ण चित्र यथार्थ रूप में मिलता है। उन्होंने जगत की वास्तविकता को सामने लाया। उन्होंने अपने साहित्य के माध्यम से एक नयी समस्या, एक नयी चेतना का अलोक दिखाया। उन्होंने अपनी रचनाओं में श्रमिक, दलित तथा शोषित समाज के दुःख और कष्ट का चित्रण किया है। वे जीवन के भयंकर यथार्थ का चित्रण करते हैं, उन्होंने पूँजीवाद, साम्राज्यवाद, संप्रदायवाद सभी का विरोध किया है, जिससे श्रमिक, शोषित वर्ग और किसानों को उनके श्रम का उचित मान मिल सके। नागार्जुन अपनी ‘अकाल और उसके बाद’ कविता में कहते हैं –
“कई दिनों तक चूल्हा रोया,चक्की रही उदास,
कई दिनों तक कानी कुतिया सोई उसके पास,
कई दिनों तक लगी भीत पर छिपकलियों की गश्त,
कई दिनों तक चूहों की भी हालत रही शिकस्त,
दाने आये घर के भीतर कई दिनों के बाद,
धुआँ उठा आँगन के ऊपर कई दिनों के बाद,
चमक उठी घर भर की आँखें कई दिनों के बाद,
कौए ने खुजलाई पाँखें कई दिनों के बाद।”
नागार्जुन की प्रगतिवादी चेतना का मुख्य आधार किसान तथा मजदूर हैं। उनकी अधिकांश कविताएं भारत के निम्न मध्यवर्गीय श्रमिक, किसान के जीवन को चित्रित करती हैं। उनमें साधारण, उपेक्षित तथा असहाय जिंदगी बितानेवालों का चित्रण किया हैं। उनकी कविताओं में सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विषमता को लेकर जनवादी चेतना का चित्रण हुआ है। इस तरह समाज में व्याप्त सामाजिक विषमता का चित्रण करते हुए उन्होंने ढोंग, आडम्बर का डटकर विरोध किया है। नागार्जुन आम जनता के कवि हैं इसीलिए सामाजिक, राजनीतिक स्थिति के साथ ही साथ समाज में व्याप्त सामान्य, मेहनतकश मजदूरों की आर्थिक विपन्नता का चित्रण अपनी कविता में करते हैं।
राजनैतिक एवं सामाजिक विषमता के प्रति विद्रोह की भावना उनकी जनवादी कविता का स्वर रहा है, जैसे झूठी राजनीति, सामाजिक पाखण्ड, भ्रष्टाचार, सत्तालोलुपता आदि के प्रति कवि का मन विद्रोह करता है।
“दिल ने कहा- दलित माओं के / सब बच्चे अब बागी होंगे।
अग्निपुत्र होंगे वे, अंतिम / विप्लव में सहभागी होंगे।।”
कवि मूलतः मार्क्सवादी होकर भी श्रम और शांति की अभिलाषा को व्यक्त करता हैं। वे एक तरफ मार्क्सवाद की समानता का पक्षधर भी रहे हैं और दूसरी तरफ वे दलित, शोषित, पीड़ित व्यक्तियों पर हो रहे अत्याचार के प्रति विद्रोह करते हैं। नागार्जुन की कविता के केंद्र में सामान्य आदमी रहा है। उन्होंने शोषित, पीड़ित, श्रमिक और मजदूर वर्ग के प्रति अपनी अलग जनवादी दृष्टि बना ली है। उनके काव्य का लक्ष्य व्यापक होने के कारण शोषित, पीड़ितों पर होनेवाले अन्याय, अत्याचार के खिलाफ कवि ने अपनी आवाज़ बुलंद की है , वे सामाजिक विषमता के प्रति विद्रोह कर समाज में परिवर्तन लाना चाहते हैं। नागार्जुन की कविता समाज जीवन के विविध अंगो को तथो पक्षों को उजागर करती है।
“प्यासी पथराई उदास आँखें / थकी बे- आसरा निराश आँखें
कोई भी तो अपना रुख फेरे उसकी ओर / कोई भी तो उठाये अपनी आँखों का पर्दा
बीसियों आये, बीसियों गुजरें / कहाँ किसी ने देखा बेचारी के तरफ
छलक रहा है गुणों का अभिशाप / बुझी – बुझी निगाहों में….”
एक ओर कल्याणकारी राज्य की कामना एवं कल्पना तो दूसरी ओर वृद्धों को तिरस्कृत रखने की समाज प्रवृत्ति तथा सरकार की नीति का कवि विरोध करते हैं। नागार्जुन वर्तमान के गर्भ से जन्म लेनेवाले भावी भारत की झाँकी को देखने वाले दूरदृष्टि संपन्न साहित्यकार हैं।
“तुम्हारी यह दंतुरित मुस्कान
मृतक में भी डाल देगी जान
धूलि धूसर तुम्हारे ये गीत……
छोड़कर तालाब मेरी झोपड़ी में खिल रहे जलपात
परस पाकर तुम्हारा ही प्राण
पिघल कर जल बन गया होगा कठिन पाषण”
सदियों से पीढ़ी दर पीढ़ी शोषण और सामाजिक अत्याचार सहन करने के लिए बाध्य दलित वर्ग के आर्थिक,सामाजिक उन्नयन के लिए नागार्जुन ने अपने काव्य में पुरजोर आवाज़ उठाई। दलित वर्ग विशेषत: हरिजनों ने जो सामाजिक यंत्रणा झेली है, वह अकथनीय है। इसी के सजीव चित्रण नागार्जुन ने अपने प्रसिद्ध ‘हरिजन गाथा’ में इस प्रकार किया है–
“हाल ही में घटित हुआ वो विराट दुष्कांड,
झोंक दिए गए थे उसमें तेरह निरपराध हरिजन सुसज्जित चिता में…
यह पैशाचिक नरमेघ
पैदा कर गया है दहशत जन-जन के मन में,
इन बूढों की तो नींद ही उड़ गयी है तबसे।
बाकी नहीं बचे हैं पलकों के निशान
दिखते हैं दृगों की कोर ही कोर
देती है जब तक पहरा पपोटों पर
सील मुहर सूखी की कीचड़ की।”
इस प्रकार सामाजिक व्यवस्था कोई विषय नागार्जुन से अछूता नहीं बचा है। जात-पाँत, धार्मिक कट्टरता, छुआछूत, आर्थिक तंगी, महंगाई, घर-गृहस्थी, ग्रामीण और शहरी जीवन, भ्रष्टाचार, सूदखोरी आदि की एक लम्बी सूची बनेगी, जिस पर नागार्जुन ने छोटी-बड़ी कोई न कोई कविता अवश्य ही लिखी है। उनके बहुआयामी साहित्यिक व्यक्तित्व के अनुरूप ही उनकी कविता भी है। उनकी कविताओं में एक-एक पात्र से उनका आत्मीय रिश्ता है। वह अपने पात्रों के कष्ट और अभाव से दुखी होते हैं, उन्हें कष्ट पहुँचानेवालों को वह चुनौती देते हैं। समाज में व्याप्त विसंगतियों का भी उन्होंने खुलकर विरोध किया।
नागार्जुन ने प्रगतिशील साहित्य की विषयवस्तु और उसकी वर्णनशैली को विविधता के कारण एक अनोखा तथा आकर्षक स्वरुप दिया । उन्होंने पौराणिक आख्यान और पात्रों से लेकर खेत-खलिहान, नदी, पहाड़, घाटी जैसे अछूते क्षेत्रोँ से प्रगतिशील कविता के रूप को स्थापित किया। प्रगतिशील कविता को निखार देकर उसे जनप्रिय बनाने में उनकी भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
नागार्जुन के काव्य का एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि उनकी कविता स्थान विशेष की कविता न होकर पूरे हिंदी प्रांत की और पूरे देश की कविता है नागार्जुन मूलतः मैथिली भाषी हैं। ‘यात्री’ नाम से मैथिली में कविता भी लिखते थे। मैथिली की अपनी कविताओं पर वे साहित्य अकादमी के पुरस्कार से सम्मानित भी हुए हैं।
(लेखिका हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में शोधार्थी हैं
Thursday, October 5, 2017
तुलसीदास की समन्वय भावना
समन्वय भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण विशेषता है, समय-समय पर इस देश में कितनी ही संस्कृतियों का आगमन और आविर्भाव हुआ। परन्तु वे घुल मिलकर एक हो गई। समन्वय को आधार बनाने वाले लोकनायक तुलसी ने अपने समय की जनता के हृदय की धड़कन को पहचाना और 'रामचरितमानस' के रूप में समन्वय का अद्भुत आदर्श प्रस्तुत किया। तुलसी सही अर्थों में सच्चे सूक्ष्मद्रष्टा थे और उन्होंने बाल्यकाल से ही जीवन की विषम स्थितियों को देखा और भोगा था इसलिये वह व्यक्तिगत स्तर पर वैषम्य की पीड़ा से भली-भाँति परिचित थे। उनकी अन्तर्भेदी दृष्टि समाज, राजनीति, धर्म, दर्शन, सम्प्रदाय और यहाँ तक कि साहित्य में व्याप्त वैषम्य, असामनता, अलगाव, विछिन्नता, द्वेष और स्वार्थपरता की जड़ो को गहराई से नाप चुकी थी और उनके भीतर छिपी एक सर्जक की संवेदनशीलता यह भाँप चुकी थी कि वैषम्य और विछिन्नता के उस युग में लोकमंगल केवल सामंजस्य और समन्वय के लेप से ही संभव था। समन्वय से ही उन गहरी खाइयो को पाटा जा सकता था जो मनुष्य को मनुष्य से अलग, तुच्छ और अस्पृश्य बना रही थी। समन्वय से ही राजनीति को समदर्शी और शासन को लोक कल्याणकारी बनाया जा सकता था। फलतः तुलसी राम-भक्ति की नौका के सहारे समन्वय का संदेश देने निकल पड़े। लेकिन उनके संबंध में यह ध्यान रहे कि वह समन्वय के कवि है, समझौते के नहीं। 'डॉ. दुर्गाप्रसाद' भी यही मानते है
तुलसी ने एक हद तक समन्वय का मार्ग अपनाया है, लेकिन 'समन्वय'का ही 'समझौते' का नहीं। उन्हें जहाँ कहीं और जिस किसी भी रूप में लोक-जीवन का अमंगल करने वाली प्रवृति दिखाई दी है, उसका उन्होंने डटकर विरोध भी किया है, वहाँ वह थोड़ा भी नही चूके है।"
आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी' भी तुलसी को लोकनायक की संज्ञा देते है- इसी समनवय की विशेषता के कारण इसलिये वह तुलसी के काव्य में समनवय की प्रवृत्ति को स्पष्ट करते हुए कहते है-
"लोकनायक वही हो सकता है जो समन्वय कर सके, क्योंकि भारतीय जनता में नाना प्रकार की परस्पर विरोधिनी संस्कृतियाँ, साधनाएं, जातियाँ, आचार, निष्ठा और विचार पध्दतियाँ प्रचलित है। तुलसी का सारा काव्य समन्वय की विराट चेष्टा है। लोक और शास्त्र का समन्वय, ?और वैराग्य का समन्वय, भक्ति और ज्ञान का समन्वय, भाषा और संस्कृति का समन्वय, निर्गुण और सगुण का समन्वय, पांडित्य और अपांडित्य का समन्वय है। रामचरितमानस शुरू से अंत तक समन्वय-काव्य है।" 1
तुलसीदास एक ऐसे मनीषी, चिंतक, भक्त और जन कवि है, जिन्होंने अपने राम की पूंजी के बल पर तत्कालीन परिवेशगत समस्याओं का निराकरण किया। जैसे तुलसीयुगीन समाज में जाति-पाँति और अस्पृश्यता का बोलबाला था। उच्च वर्ण के व्यक्ति निम्न-वर्ण के व्यक्तियों को हेय दृष्टि से देखते थे। शूद्र वर्ण के लोग सभी प्रकार के सामाजिक एवं धार्मिक यहाँ तक कि शैक्षिक अधिकारों से भी वंचित थे। ऐसे में तुलसी राम और उनकी भक्ति के द्वारा उन तमाम सामाजिक विषमताओ को दूर कर सबके लिये एक ऐसा मंच निर्मित करते है जहाँ अपने-पराए का भेदभाव ही मिट जाता है, जैसे उन्होंने रामचरितमानस में ब्राह्मण कुलोत्पन्न गुरु वशिष्ठ को शूद्रकुल में उत्पन्न निषादराज से भेंट करते हुए दिखाकर ब्राह्मण एवं शुद्र के मध्य समन्वय का उच्च आदर्श प्रस्तुत किया है। इसी प्रकार राम और निषादराज तथा भरत और निषादराज की भेंट भी समन्वय का उज्ज्वल आदर्श प्रस्तुत करती है-
करत दंडवत देखि तेहि भरत लीन्ह उर लाइ।
मनहुँ लखन सब भेंट भइ प्रेम न हृदयँ समाइ।।"2
समन्वय की विचारधारा को सशक्त बनाने के लिए तुलसी ने अपने युग, परिस्थितियों का गंभीर अध्ययन और विवेचन किया होगा,तभी तो जो धर्म के नाम पर अनेक सम्प्रदायों में आडम्बर, अनाचार, जटिलता, पुरोहितवाद जैसी कुरीतियाँ पनप रही थी वहाँ भी तुलसी ने इस विषमता को समाप्त करने के लिये समन्वय का मार्ग अपनाया। उन्होंने शिव के मुख से 'सोइ सैम इष्टदेव रघुनीरा सेवत जाति सदा मुनिधीरा ' कहलवाकर शिव को राम का उपासक घोषित किया तो राम के मुख से-
"संकर प्रिय मन द्रोही सिव द्रोही मम दास।
ते नर करहिं कलप भरि घोर नरक महुँ वास।।"3
कहलवाकर राम को शिव का अनन्य भक्त घोषित किया। यहाँ तक कि तुलसी ने सेतू-निर्माण के समय भी राम से शिव की आराधना करवाकर समन्वय का आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने ' हरि हर पद रति मति न कुतरकी ' कहकर शिव और विष्णु में एकत्व की स्थापना की।
शैव ओर वैष्णव सम्प्रदायों के समान उस युग मे वैष्णव और शाक्त सम्प्रदायों में भी पारस्परिक वैमनस्य पनप चुका था। वैष्णव विष्णु के उपासक थे और शाक्त शक्ति के तथा ये दोनों भी निरन्तर संघर्षरत रहते थे। तुलसी ने इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए तथा उक्त दोनों सम्प्रदायों में सामंजस्य स्थापित करने के लिये सीता को शक्तिस्वररूपा बताया और उन्हें ब्रह्म की शक्ति कहते हुए 'उद्भावस्थिति संहारकारिणी क्लेशहारिणी सर्वश्रेयस्करी ' कहकर शक्ति की उपासना की।
तुलसी की धार्मिक समन्वय की दृष्टि हमें सगुण और निर्गुण भक्ति धाराओ के समन्वय में भी देखने को मिलती है। तुलसी के अवतरण से पहले ही भक्तिमार्ग सगुण और निर्गुण भक्तिधाराओ में विभक्त हो चुका था तथा इनके समर्थको के बीच निरंतर आपसी संघर्ष चलता रहता था। इस द्वेष से प्रभावित होकर सूरदास ने 'भ्रमरगीत' में निर्गुण का खण्डन और सगुण का मण्डन किया था। तुलसीदास इन विषमताओ को समाप्त करने के लिए संकल्पित थे, इसलिये उन्होंने सगुण ओर निर्गुण भक्तिधाराओ के बीच भी समन्वय स्थापित करने का प्रयत्न किया। उन्होंने अपने आराध्य श्रीराम को सगुण और निर्गुण दोनो रूपो में देखा तथा उपासना की।
इस प्रकार राजा का प्रजा के प्रति जो दृष्टिकोण था, उसे तुलसी ने परिवर्तित काट दिया। उन्होंने दोनों के कर्तव्यों का निर्धारण करके समन्वय स्थापित किया। इसी प्रकार उन्होंने श्रीराम के परिवार के माध्यम से पारिवारिक समन्वय का उत्कृष्ट आदर्श प्रस्तुत किया है। उन्होंने पिता और पुत्र, पति और पत्नी, सास और पुत्रवधु, भाई-भाई, स्वामी ओर सेवक तथा पत्नी और सपत्नी के मध्य समन्वय का आदर्श प्रस्तुत किया है। तुलसी के राम जितने पितृभक्त थे, उतने ही मातृभक्त भी थे तथा माता-पिता भी राम के प्रति वैसी ही भक्ति रखते थे। इसी प्रकार वधुएँ जितना सम्मान अपनी सासो का करती थी, उतना ही स्नेह उन्हें प्रतिदानस्वरूप प्राप्त भी होता था।
तुलसीदास जी ने अपने युग की राजनीतिक विश्रृंखलता को गहराई से अनुभव किया था। उन्होंने महसूस किया कि राजा संकीर्ण विचारधारा से युक्त और आत्मकेंद्रित होते जा रहे है। प्रजा के कल्याण की ओर उनका तनिक भी ध्यान नही है। राजा और प्रजा के बीच गहरी खाई बनती जा रही है जबकि राजा और प्रजा से कही अधिक श्रेष्ठ, उन्नत और महान समझा जाता था वह ईश्वर का प्रतिनिधि भी था। ऐसे में तुलसी ने बड़ी ही निपुणता के साथ उन अशिक्षित, अयोग्य राजाओ की आलोचना करते हुए लिखा है-
"गोंड़ गँवार नृपाल कलि, यवन महा महिपाल।
साम न दाम न भेद, कलि, केवल दंड कराल।।"
तुलसी ने यहाँ तक कहा कि जिस राजा के राज्य में प्रजा दुखी होती है वह राजा निश्चित रूप से नरक का अधिकारी होता है-
" जासु राज प्रिय राजा दुखारी।
सो नृप अवसि नरक अधिकारी।।"
दार्शनिक मत-मतान्तरों के मध्य व्याप्त द्वेष को समाप्त करने के लिए तुलसी ने इनके मध्य संतुलन स्थापित करने का प्रयास किया। उन्हीने द्वैत-अद्वैत, विद्या-अविद्या, माया और प्रकृति, जगतसत्य और असत्य, जीव का भेद अभेद, भाग्य एवं पुरुषार्थ तथा जीवनमुक्ति एवं विदेहमुक्ति जैसी दार्शनिक विचारधाराओ के बीच समन्वय स्थापित किया। अतः उस समय धर्म की आड़ में ही सामाजिक शोषण और सामाजिक सुधार होता था। तुलसी के दार्शनिक समन्वय को स्पष्ट करते हुए शिवदान सिंह चौहान कहते है-
"तुलसीदास के दार्शनिक समन्वय को देखते हुए यह नही भूल जाना चाहिये कि तुलसी लोकमर्यादा, वर्ण-व्यवस्था, सदाचार-व्यवस्था और श्रुति-सम्मत होने का ध्यान सदा रखते है। चाहे वह राम की भक्ति का प्रतिपादन करे , चाहे अद्वैतवाद का, चाहे माया का निरूपण करे या जीवन का विवेचन, चाहे शिव की वंदना करे या राम की, किन्तु वह अपनी इन बातों को किसी न किसी रूप में याद रखते है इसलिए तुलसी के समकालीन परिवेश में मुक्ति-प्राप्ति के दो मार्ग प्रचलित थे- ज्ञानमार्ग और भक्तिमार्ग। ज्ञानमार्ग के समर्थक ज्ञान को मुक्ति प्राप्त करने का उत्कृष्ट साधन मानते थे और भक्तिमार्ग के समर्थक इस दृष्टि से भक्ति को अधिक महत्व प्रदान करते थे। दोनो में अपने-अपने मत की उत्कृष्टता को लेकर पर्याप्त विवाद चलता रहता था। तुलसी ने अपने साहित्य के माध्यम से इस विवाद को समाप्त करने का सफल प्रयास किया है। उन्होंने अपने काव्य में जहाँ एक और ज्ञान को सृष्टि का सर्वाधिक दुर्लभ तत्व घोषित किया- 'हरि को भजे सो हरि को होई' और 'सियाराममय सब जग जानी' की समता पर आधारित भक्ति का वर्णन करते हुए भी शूद्र और ब्राह्मण के भेद को स्वीकार करते है।"4
वही दूसरी ओर उन्होंने भक्ति और ज्ञान में कोई भेद नही है, क्योंकि ये दोनों ही सांसारिक क्लेशो का नाश करने वाले है, कहकर भक्ति और ज्ञान में अभेद स्थापित किया-
"कहहि सन्त मुनि बेद पुराना।
नहि कुछ दुर्लभ ग्यान समाना।।"5
"भगतिहि ग्यानहि नहि कछु भेदा।
उभय हरहि भव संभव खेदा।।"6
कहकर ज्ञान की श्रेष्ठता का भी प्रतिपादन किया है क्योंकि ज्ञान से ही चित्त रूपी दीपक प्रज्जवलित होता है। इस प्रकार तुलसी ने भक्ति ज्ञान के मध्य अद्भुत समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया है। यद्यपि तुलसी ने 'ग्यान अगम प्रत्यूह अनेका' तथा 'ग्यान का पंथ कृपान की धारा' कहकर जनमानस को ज्ञान-मार्ग की कठिनाइयों से भी अवगत कराने का प्रयास किया तथा 'भक्ति सुतन्त्र सकल सुख खानी' कहकर भक्ति को ज्ञान की उपेक्षा अधिक श्रेष्ठ सिद्ध करने का प्रयास किया। परंतु एक अन्य स्थान पर 'रामचरितमानस' में -
"जोग अगिनि करि प्रकट तब कर्म सुभासुभ लाइ,
बुद्धि सिरावै ग्यान घृत ममता मल जरि जाइ।।"7
तुलसीदास की समन्वयकारिणी प्रतिभा से साहित्य भी अछूता नही रहा। उन्होंने अपनी साहित्य-साधना किसी एक प्रचलित शैली में नही की, बल्कि उस समय प्रचलित सभी काव्य-शैलियों को अपनाकर साहित्यिक समन्वय का उत्कृष्ट आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रबन्ध, मुक्तक और गीति आदि सभी काव्य शैलियों को अपनाया। उनका 'रामचरितमानस' यदि श्रेष्ठ महाकाव्य है तो 'विनयपत्रिका' एक श्रेष्ठ मुक्तक रचना है। उन्होंने अपने समय में प्रचलित ब्रज, अवधी ओर संस्कृत भाषाओ का समन्वय अपने काव्य में इतनी सुंदर शैली में किया है कि वह न तो उनकी कृतियों के प्रवाह में बाधक बना और न भाषिक-श्रृंगार का घातक ही। अवधी में 'रामचरितमानस' उनकी साहित्यिक प्रतिभा की पराकाष्ठा है तो ब्रज में 'गीतावली' ,'दोहावली' उनकी श्रेष्ठ कृतियाँ है। रामचरितमानस में उन्होंने इतने रचनात्मक कौशल के साथ संस्कृत और अवधी भाषाओ में सामंजस्य स्थापित किया है कि देखते ही बनता है-
"जय राम रमा रामरमनं समनं।
भवताप भयाकुल पाहि जनं।।
सरनागत मागत पाहि प्रभो।।
अवधेस सुरेस रमेस विभो।"8
उनके काव्य में जहाँ एक ओर भाषा का साहित्यिक सौंदर्य दृष्टिगत होता है, वही दूसरी ओर जनभाषा का भी अत्यंत सरस रूप दिखाई देता है। तुलसु पूर्णतया समन्वयवादी थे इसलिये उन्होंने अपने समय की तथा पूर्व प्रचलित सभज काव्य पद्घतियों को राममय करने का सफल प्रयास किया। सूफियों की दोहा-चौपाई पद्धति, चन्द के छप्पय और तोमर आदि, कबीर के दोहे और पद, रहीम के बरवै, गंग आदि की कवित्त-सवैया पद्धति एवं मंगल काव्यों की पद्धति को ही नही, वरन् जनता में प्रचलित सोहर, नरछू, गीत आदि तक को उन्होंने रामकाव्यमय कर दिया। इस प्रकार उन्होंने काव्य की प्रबंध एवं मुक्तक दोनो शैलियों को अपनाया। उन्होंने तत्कालीन कृष्णकाव्य की ब्रजभाषा और प्रेमकाव्यो की अवधी भाषा दोनो का प्रयोग करके समन्वयवादी दृष्टिकोण का परिचय दिया है।
निष्कर्षतः तुलसी ने तत्कालीन संस्कृतियों, जातियों, धर्मावलंबियों के बीच समन्वय स्थापित करके दिशाहीन समाज को नई दिशा प्रदान की। समन्वय का यह भाव उनकी अनुभूति एवं अभिव्यक्ति में भी झलकता है कवि की भाषा की सहजता, सरलता और उत्कट सम्प्रेषणीयता मानवमूल्यों को जोड़ती है। तुलसी के काव्य में संस्कृत, अवधी, ब्रजभाषा आदि भाषाओ का सुंदर सामंजस्य मिलता है। लोक ब्रह्म तुलसी ने भारतीय जनता की नस-नस को पहचान कर ही 'रामचरितमानस' के द्वारा समन्वयवाद का अद्भुत आदर्श प्रस्तुत किया। वैसे तो हमारी भारतीय संस्कृति में सब्र और समन्वय का भाव पहले भी था और आज भी है किन्तु आज भोग की प्रवृति प्रधान हो रही है। सामाजिक व्यवस्था के तार भी छिन्न-भिन्न हो रहे है। विश्वस्तर पर आतंकवाद चुनौती बन चुका है। इस प्रकार की विषम परिस्थिति में तुलसी की लोकपरक दृष्टि एवं समन्वयवादी विचारधारा ही मानवजाति को मानसिक एवं आत्मिक शन्ति प्रदान कर सकती है।
संदर्भ-सूची
1. डॉ. हजारी प्रसाद द्विवेदी ; हिन्दी साहित्य की भूमिका पृष्ठ-101
2. तुलसीदास ; रामचरितमानस, आयोध्याकाण्ड, दोहा-193
4. शिवदान सिंह चौहान ; दार्शनिक विचार और समन्वयवाद (आलोचनात्मक लेख) ; पृष्ठ-30-31
3. तुलसीदास ; रामचरितमानस, लंकाकाण्ड, दोहा-2
5. तुलसीदास : रामचरितमानस, 114 ख?
6. तुलसीदास : रामचरितमानस, 114 ख/7
7. तुलसीदास : रामचरितमानस, 117 क
8. तुलसीदास : रामचरितमानस, उत्तरकाण्ड, 13 ख/ छन्द-1